Bihar
जीविका दीदियों को मिला 16 करोड़ का ऋण, सुपौल में SBI का मेगा कैंप, स्वरोजगार को मिलेगी नई रफ्तार
Supaul। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित बंधन बैंक्वेट हॉल में जीविका और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य ‘मेगा डिस्बर्समेंट कैंप’ का आयोजन किया गया।
इस विशेष शिविर के दौरान स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी जीविका दीदियों को स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कुल 16 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि (ऋण) वितरित की गई।
Supaul News: एसबीआई छातापुर शाखा के जरिए बांटे गए 16 करोड़ रुपये
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान एसबीआई की छातापुर शाखा के माध्यम से विभिन्न जीविका स्वयं सहायता समूहों को 16 करोड़ रुपये के ऋण पत्र सौंपे गए।
यह भी पढ़े: पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
समारोह में जीविका के एसपीएम बैंक लिंकेज पुष्पेंद्र तिवारी, सुपौल के जिला परियोजना प्रबंधक (DPM) दीपक कुमार, एसबीआई के उप महाप्रबंधक एस.एस. मीणा और क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Supaul News: कृषि, पशुपालन और सूक्ष्म उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि इस वित्तीय मदद से ग्रामीण महिलाएं कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और सूक्ष्म व्यापार जैसे क्षेत्रों में अपने नए उद्यम शुरू कर सकेंगी या पुराने काम का विस्तार कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे न केवल महिलाओं की व्यक्तिगत आय में बढ़ोतरी होगी, बल्कि उनका सामाजिक और आर्थिक जीवन स्तर भी सुधरेगा।
जीविका और एसबीआई की साझेदारी की सराहना
अधिकारियों ने जीविका और भारतीय स्टेट बैंक के बीच के इस बैंक लिंकेज मॉडल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह मॉडल राज्य सरकार के समावेशी विकास के सपने को साकार करने में एक बेहद असरदार जरिया साबित हो रहा है।
इस दौरान एसबीआई शाखा प्रबंधक महेश कुमार भारती, बीपीएम रमाकांत मंडल, सूक्ष्म वित्त प्रबंधक रूपाली कुमारी, क्षेत्रीय समन्वयक रविशंकर कुमार और राहुल कश्यप सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं।
यह भी पढ़े: Darbhanga में पिपिंग समारोह: 22 एएसआई बने सब इंस्पेक्टर, एसएसपी ने लगाए स्टार