Bihar

दानापुर में सनकी पति ने हेड नर्स पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की, खुद किया सरेंडर

Published

on

Bihar Crime News: दानापुर में सनकी पति ने हेड नर्स पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की, खुद किया सरेंडर

पटना/दानापुर: राजधानी पटना के दानापुर स्थित पूर्वी गोला रोड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने होली पर ससुराल जाने को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद ही पुलिस को फोन कर आत्मसमर्पण कर दिया।

मृतका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में हुई है, जो पीएमसीएच (PMCH) में हेड नर्स के पद पर कार्यरत थीं। आरोपी पति का नाम सोनू कुमार सिंह बताया जा रहा है।

होली पर गांव जाने को लेकर हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू सिंह ने पत्नी से होली मनाने के लिए अपने गांव छपरा चलने को कहा था। चांदनी के मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने गुस्से में आकर चांदनी को जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे उसके कान से खून बहने लगा। इसके बाद उसने गला दबाया और सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

मासूम बेटे को घर छोड़कर किया सरेंडर

हत्या के बाद आरोपी अपने दो वर्षीय बेटे को छपरा स्थित पैतृक घर छोड़ आया। फिर दानापुर लौटकर देर रात डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका की बहन ब्यूटी ने बताया कि फरवरी 2023 में दोनों की शादी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनू को ऑनलाइन गेम खेलने की बुरी लत थी और वह करीब चार लाख रुपये हार चुका था, जिसकी भरपाई चांदनी ने की थी।

बताया जा रहा है कि चांदनी ने हाल ही में एक जमीन भी खरीदी थी, जिसे लेकर अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष पैसों को लेकर चांदनी को प्रताड़ित करता था।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version