Bihar

राघोपुर में आवास सहायकों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी, आवास योजनाएं ठप

Published

on

राघोपुर में आवास सहायकों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी, आवास योजनाएं ठप

राघोपुर: प्रखंड क्षेत्र में आवास सहायकों और पर्यवेक्षकों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। करीब आठ महीने से वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मियों ने सामूहिक रूप से काम बंद कर दिया है। इसके चलते प्रखंड में संचालित विभिन्न आवास योजनाओं से जुड़े कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं, जिससे लाभुकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, कार्य बहिष्कार में 13 आवास सहायक और दो पर्यवेक्षक शामिल हैं। कर्मियों का कहना है कि उन्हें पहले से ही अपेक्षाकृत कम वेतन मिलता है, ऊपर से समय पर भुगतान नहीं होने से उनकी आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है। परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक खर्चों का प्रबंधन करना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है।

वेतन भुगतान की मांग को लेकर कई बार दिया गया ज्ञापन

संघ के प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मजबूरी में सभी कर्मियों को कार्य बहिष्कार का रास्ता अपनाना पड़ा है।

कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

आवास योजनाओं पर पड़ा असर

कार्य बहिष्कार के कारण नए आवेदनों की प्रक्रिया, सत्यापन कार्य और स्वीकृत आवासों की प्रगति प्रभावित हो रही है। योजनाओं का कार्य बंद रहने से लाभुकों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version