Bihar
Bihar News: बिहार कैबिनेट के 27 बड़े फैसले, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना 5 साल बढ़ी, बेगूसराय में 700 एकड़ का इंडस्ट्रियल एरिया मंजूर
Bihar News: मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में विकास से जुड़े कुल 27 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इस बैठक में युवाओं, उद्योग, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और शहरी विकास से जुड़े कई दूरगामी फैसले लिए गए। इनमें स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को अगले 5 वर्षों के लिए विस्तार देने, बेगूसराय में 700 एकड़ में औद्योगिक पार्क बनाने और सीतामढ़ी में 110 करोड़ से अधिक की लागत से आरओबी निर्माण को हरी झंडी दी गई।
छात्रों को ₹4 लाख का लोन, अरवल में खुलेगा मेडिकल कॉलेज: Bihar News
युवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अहम कदम उठाए हैं:
-
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड: बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी गई, जिसके तहत छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए ₹4 लाख तक का शिक्षा ऋण मिलता रहेगा।
-
अरवल में मेडिकल कॉलेज: अरवल जिले के करपी अंचल में सरकारी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल निर्माण हेतु स्वास्थ्य विभाग को 25 एकड़ भूमि स्थायी रूप से हस्तांतरित करने की स्वीकृति मिली।
बेगूसराय में बड़ा औद्योगिक हब, सीतामढ़ी में ROB निर्माण: Bihar News
-
इंडस्ट्रियल एरिया: बेगूसराय के बरौनी अंचल अंतर्गत मल्हीपुर मौजा की 700 एकड़ जमीन उद्योग विभाग को सौंपी जाएगी, जिससे बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बनेंगे।
-
सीतामढ़ी में सड़क उपरिगामी पुल: परसौनी और सीतामढ़ी रेलवे स्टेशनों के बीच लेवल क्रॉसिंग संख्या 56 पर ₹110.42 करोड़ की लागत से सड़क उपरिगामी पुल (ROB) बनेगा (जिसमें राज्य सरकार का अंश ₹100.50 करोड़ और रेलवे का अंश ₹9.93 करोड़ होगा)।
शहरी विकास, सड़क चौड़ीकरण और ऊर्जा क्षेत्र के फैसले: Bihar News
-
नगर निकायों को ₹9,169 करोड़: 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक निकायों के बुनियादी ढांचे और विकास के लिए ₹9,169 करोड़ के अनुदान को मंजूरी दी गई।
-
नेहरू पथ का चौड़ीकरण: पटना में नई राजधानी पथ परियोजना के अंतर्गत डाकबंगला चौराहे से रुकनपुरा तक नेहरू पथ के चौड़ीकरण के लिए ₹39.80 करोड़ स्वीकृत किए गए।
-
ग्रिड उपकेंद्र: सीवान के मैरवा में 7.44 एकड़ और मुजफ्फरपुर के गायघाट में 3.15 एकड़ जमीन पर 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र बनाने के लिए भूमि हस्तांतरण व राशि भुगतान को मंजूरी मिली।
पशुपालन व सामाजिक कल्याण के प्रस्ताव स्वीकृत सात निश्चय-3 के तहत ₹14.79 करोड़ की लागत से ‘बिहार राज्य बकरी पालक सहकारी परिसंघ’ के गठन और राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत ₹73.47 करोड़ से बछिया-पाड़ी पालन केंद्र स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके अलावा पूर्णिया व गया में दिव्यांगजनों के लिए 50-50 क्षमता वाले आसरा गृह, पटना व बिहार संग्रहालय संचालन हेतु ₹40 करोड़ की सहायता और ई-कैबिनेट प्रणाली के विस्तार को भी स्वीकृति प्रदान की गई।