Bihar
DMCH से चार दिनों से लापता बुजुर्ग का खेत में मिला शव, परिजनों में कोहराम
दरभंगा। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) से इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव चार दिन बाद बरामद किया गया है। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के आमीगांव निवासी राम प्रसाद सदाय के रूप में हुई है।
गुरुवार की सुबह रानीपुर गांव स्थित एक निजी स्कूल के पास खेत में उनका शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की तत्परता और मोबाइल में खींची गई फोटो के जरिए मृतक की शिनाख्त हो सकी।
DMCH के वार्ड से तड़के हो गए थे गायब
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, राम प्रसाद सदाय को स्वास्थ्य बिगड़ने पर रविवार की शाम इलाज के लिए डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिसिन वार्ड में स्थानांतरित कर दिया था। हालांकि, सोमवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच वे अचानक वार्ड से गायब हो गए।
अस्पताल परिसर और आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने मंगलवार को बेंता थाने में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
DMCH News: ‘आमी’ शब्द और ग्रामीणों की सतर्कता से हुई पहचान
गुरुवार सुबह रानीपुर गांव के समीप खेत में एक अज्ञात वृद्ध का शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि एक दिन पहले ही उक्त बुजुर्ग को गांव की सड़कों पर बदहवास हालत में भटकते हुए देखा गया था। उस समय पूछताछ करने पर वे केवल अपने गांव का नाम “आमी” ही बोल पा रहे थे।
किसी अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए बुजुर्ग की एक तस्वीर अपने मोबाइल में खींचकर सुरक्षित रख ली थी। शव मिलने के बाद स्थानीय चौकीदार ने वही फोटो आमीगांव के चौकीदार को भेजी, जिसके आधार पर परिजनों ने राम प्रसाद सदाय के रूप में उनकी पहचान की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद सदर थाना पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। इस दौरान बेंता थानाध्यक्ष विनय मिश्र और सदर थाना के चौकीदार रतन पासवान भी मौके पर मौजूद रहे।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: Madhepura: जनसुनवाई में डीएम अभिषेक रंजन ने सुनीं 24 फरियादें