Bihar
Darbhanga: बिरौल में मंदिर चोर गिरोह का भंडाफोड़: चोरी के सामान के साथ 2 खरीदार गिरफ्तार, मुख्य आरोपी रिमांड पर
बिरौल (Darbhanga)। बिरौल थाना पुलिस ने मंदिरों को निशाना बनाने वाले एक अंतरजिला चोर गिरोह का सफल पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी के बर्तन और अन्य सामान खरीदने के आरोप में दो स्वर्ण व बर्तन कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 19 हजार रुपये मूल्य के मंदिर से चुराए गए पीतल व तांबे के बर्तन और पूजा सामग्री बरामद की गई है।
Darbhanga : मजरगाही शिव मंदिर चोरी कांड से उठा पर्दा
बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बीते 7 जुलाई को मजरगाही स्थित शिव मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। इसी दौरान समस्तीपुर जिले के खानपुर थाने से जानकारी मिली कि पुलिस ने सिंघिया निवासी छोटू और गुड्डू कुमार को किसी अन्य मंदिर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के दौरान दोनों शातिर चोरों ने बिरौल के मजरगाही शिव मंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। इसके बाद बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्रमणि के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खानपुर पहुंचकर मामले की आगे की कड़ियों को जोड़ा।
यह भी पढ़े: पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
Darbhanga : चोरी का सामान खरीदने वाले 2 कारोबारी दबोचे गए
पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपियों ने खुलासा किया कि मंदिर से चुराए गए पीतल की बाल्टी, गमला, टोपिया का ढक्कन, घंटी, लोटा व बर्तन सिंघियाघाट के राजा साह को 19 हजार रुपये में बेचे गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजा साह के ठिकाने पर छापेमारी कर सारा सामान बरामद कर लिया।
इसके अलावा, मंदिर से चुराया गया घंटा और दीवार घड़ी रोसड़ा के अनिल कुमार साह को बेचा गया था। पुलिस ने अनिल साह के घर से भी चोरी का सामान बरामद करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
Darbhanga : मुख्य आरोपियों को रिमांड पर लेगी पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि चोरी का सामान खरीदने वाले दोनों अभियुक्तों—राजा साह और अनिल कुमार साह को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं जेल में बंद मुख्य आरोपियों, छोटू और गुड्डू कुमार को खानपुर थाने से रिमांड पर बिरौल लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मामले का एक अन्य आरोपी मुस्तफापुर निवासी अनु फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह ने क्षेत्र के किन-किन अन्य मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
यह भी पढ़े: Darbhanga में पिपिंग समारोह: 22 एएसआई बने सब इंस्पेक्टर, एसएसपी ने लगाए स्टार