Bihar
Darbhanga में आईएपी का ‘संजीवनी’ अभियान: 6 केंद्रों पर 1000 लोगों को सिखाया गया CPR, विशेषज्ञों ने दिए जीवनरक्षक टिप्स
Darbhanga। राष्ट्रीय आइएपी सीपीआर दिवस के मौके पर भारतीय शिशु अकादमी (IAP) द्वारा दरभंगा में ‘संजीवनी: CPR मास अवेयरनेस प्रोग्राम’ का भव्य आयोजन किया गया। इस महा-अभियान के तहत शहर के छह प्रमुख स्थानों पर लगभग एक हजार विद्यार्थियों, शिक्षकों, डॉक्टरों, नर्सिंग कर्मियों और आम नागरिकों को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
Darbhanga News: सुबह 6:30 बजे से शुरू हुआ ट्रेनिंग सेशन, 6 केंद्रों पर पहुंचे विशेषज्ञ
संजीवनी अभियान की शुरुआत सुबह 6:30 बजे जीसस सेंट मैरी एकेडमी से हुई। इसके अलावा वुडवाइन मॉडर्न स्कूल, माउंट समर कॉन्वेंट स्कूल, दरभंगा मेडिकल कॉलेज (DMCH), आरबी मेमोरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग और लहेरियासराय स्थित राजगोपाल हेल्थ केयर सेंटर में अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। इन सभी केंद्रों पर कार्डियक अरेस्ट (हृदयगति रुकने) के समय तुरंत दिए जाने वाले फर्स्ट एड के बारे में बारीकी से समझाया गया।
यह भी पढ़े: पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
Darbhanga News: मैनिकिन पर कराया गया प्रत्यक्ष अभ्यास
मुख्य प्रशिक्षक डॉ. ओम प्रकाश और डॉ. रणधीर कुमार मिश्रा ने प्रतिभागियों को बताया कि अचानक दिल की धड़कन रुकने पर सही समय पर दिया गया सीपीआर मरीज के मस्तिष्क और शरीर के अन्य अंगों तक ऑक्सीजन युक्त रक्त का प्रवाह बनाए रखता है। इससे मरीज की जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
ट्रेनिंग के दौरान प्रतिभागियों को केवल थ्योरी ही नहीं, बल्कि मैनिकिन (पुतले) पर चेस्ट कम्प्रेशन (छाती दबाने) का सीधा अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर पड़े और उसकी सांसें न चल रही हों, तो तुरंत आपातकालीन मेडिकल मदद बुलाकर बिना देर किए सीपीआर शुरू कर देना चाहिए।
Darbhanga विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने संभाली कमान
इस जीवनरक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. कामोद झा, डॉ. विवेकानंद पॉल, डॉ. अमरेश कुमार साहू, डॉ. अरविंद झा, डॉ. अरविंद कुमार यादव, डॉ. कुमार आनंद, डॉ. पल्लवी, डॉ. शादाब आलम और डॉ. रिजवान हैदर जैसे वरिष्ठ चिकित्सकों ने सह-प्रशिक्षक के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह भी पढ़े: Darbhanga में पिपिंग समारोह: 22 एएसआई बने सब इंस्पेक्टर, एसएसपी ने लगाए स्टार