Bihar

Madhepura News: कांग्रेस के मैराथन में पहुंचे तीन सरकारी शिक्षक, प्रतिनियुक्ति रद्द होने के बाद DEO ने मांगा 24 घंटे में जवाब

Published

on

Madhepura News: कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत आयोजित मैराथन प्रतियोगिता में सरकारी शिक्षकों की भागीदारी को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अख्तियार किया है। विभाग द्वारा पूर्व में जारी प्रतिनियुक्ति आदेश को निरस्त किए जाने के बावजूद कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले तीन शिक्षकों से जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने स्पष्टीकरण तलब किया है। सभी को 24 घंटे के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया है।

राजनीतिक कार्यक्रम में शिक्षकों की ड्यूटी पर उठा था विवाद: Madhepura News

पूरा मामला तब शुरू हुआ जब जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सौरभ के आवेदन पर शिक्षा विभाग ने 21 अगस्त को एक आदेश जारी कर 22 और 23 अगस्त को पथराहा स्थित संत अवध कीर्ति क्रीड़ा मैदान में आयोजित मैराथन के लिए 16 शारीरिक शिक्षकों और स्वास्थ्य अनुदेशकों की प्रतिनियुक्ति कर दी थी। राजनीतिक दल के आयोजन में सरकारी शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने की बात सामने आते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आने के बाद विभाग ने अपनी भूल स्वीकार करते हुए प्रतिनियुक्ति आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया था।

आदेश रद्द होने के बाद भी पहुंचे तीन शिक्षक: Madhepura News

विभागीय आदेश निरस्त होने के बावजूद 22 अगस्त को तीन शिक्षक मैराथन स्थल पर पहुंच गए। इनमें शामिल हैं:

दिलीप कुमार: सोनाय अनुप उच्च माध्यमिक विद्यालय (भान टेकठी, घैलाढ़)

बालकृष्ण कुमार: नवसृजित प्राथमिक विद्यालय (जीतापुर वार्ड-1, मुरलीगंज)

प्रेम कुमार: उत्क्रमित मध्य विद्यालय (सकरपुरा)

24 घंटे में संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी: Madhepura News

जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने तीनों शिक्षकों को पत्र जारी कर पूछा है कि आदेश रद्द होने के बाद वे किस परिस्थिति में और किसकी अनुमति से कार्यक्रम में शामिल हुए। तय समय सीमा में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर अनुशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रभारी डीईओ रवि शास्त्री ने स्पष्ट किया कि प्रतिनियुक्ति आदेश भूलवश जारी हो गया था जिसे तुरंत वापस ले लिया गया था।

ये भी पढ़े: Supaul News: भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई: 304 किलो गांजा बरामद, जवान को देख तस्कर नेपाल भागे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version