Bihar
पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर सदन में हंगामा, दरभंगा में बच्ची से दुष्कर्म मामले पर भड़के विधायक
पप्पू यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ हंगामा
सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ भी जमकर विरोध हुआ. कांग्रेस MLA अभिषेक रंजन सदन में पप्पू यादव के लिए टीशर्ट पहनकर पहुंचे थे, जिस पर लिखा था- ‘आज जेल होई, काल बेल होई, परसों से वही खेल होई.’ कांग्रेस MLA मनोज विश्वास ने कहा, 1 महीने हो गए लेकिन न्याय नहीं मिला. पप्पू यादव के नेतृत्व में जंतर मंतर पर धरना देना था. नीट छात्रा के परिवार के सभी लोग थे. लेकिन 2 दिन पहले उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. सरकार डर रही है. जो न्याय मांगेंगे उसे जेल में भेजेंगे.
साथ ही पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर कांग्रेस विधायक कमरूल होदा ने कहा, बिहार में राजतंत्र चल रहा है, लोकतंत्र नहीं है. लोकतंत्र की हत्या हो गई है. 31 साल पुराने मामले में सांसद की गिरफ्तारी हुई है. पप्पू यादव कोर्ट में हाजरी देने के लिए बिल्कुल तैयार थे. लेकिन अचानक रात में पुलिस सिविल ड्रेस में उठाकर उन्हें ले गई. बिहार में हर दिन हत्या, डकैती हो रही है. प्रशासन पूरी तरह फेल है. सरकार फेल है. जानकारी के मुताबिक, सदन के अंदर पार्टिंको में भी विधायकों ने हंगामा किया.
दरभंगा में बच्ची के साथ दुष्कर्म और मौत पर हंगामा
दरभंगा में बच्ची के साथ दुष्कर्म और मौत मामले पर भी विधायकों का गुस्सा फूट पड़ा. राजद के प्रधान महासचिव और MLA रणविजय साहू ने कहा, पिछले 1 महीने से लगातार बच्चियों के साथ अपराध हो रहा है. सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है. बिहार में पूरी तरह हिटलर राज आ गया है. पप्पू यादव पूरी तरह इंसाफ के लिए आवाज उठा रहे थे, तो उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया.
साथ ही कांग्रेस MLA कमरूल होदा ने कहा, पटना में दुष्कर्म हुआ लेकिन रेपिस्ट आराम से घूम रहे हैं. सच्चाई को छुपाने का प्रयास सरकार कर रही है. अभी दरभंगा में भी बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ. यह सरकार पूरी तरह फेल है. हमलोग आंदोलन कर रहे हैं. यह ऐसी भ्रष्टाचारी सरकार है, जिसका लगाम पुलिस प्रशासन पर नहीं है.