Latest News
Saharsa: वैशाली एक्सप्रेस के खाली रैक से 300 बोतलें बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
Saharsa। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली एक्सप्रेस के खाली रैक से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बरामद की है.
इस छापेमारी के दौरान करीब 300 बोतल विदेशी शराब और बीयर जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 48 हजार 600 रुपये आंकी गई है. पुलिस ने मौके से दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई है.
Saharsa: गुप्त सूचना पर आरपीएफ और उत्पाद विभाग ने घेरा स्टेशन
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गाड़ी संख्या 15566 वैशाली एक्सप्रेस के मार्ग रक्षण दल में तैनात आरक्षी विजय कुमार ने इनपुट दिया कि उत्पाद विभाग की टीम सुपौल स्टेशन पर दो संदिग्धों से पूछताछ कर रही है. जांच में पता चला कि ललितग्राम से सहरसा वाशिंग पिट आ रही वैशाली एक्सप्रेस के खाली रैक के जरिए शराब की एक बड़ी खेप तस्करी कर लाई जा रही है.
सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. राघोपुर, सरायगढ़ और सुपौल स्टेशनों पर तैनात सुरक्षा बलों को तुरंत अलर्ट मोड पर डाला गया. जैसे ही ट्रेन सुपौल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर आकर रुकी, संयुक्त टीम ने ट्रेन को घेर लिया और एसी (AC) कोचों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया.
Saharsa Police: एसी बोगियों में बोरे और बैग में छिपाई गई थी शराब
सुरक्षा बलों ने जब ट्रेन के एसी कोच संख्या बी-4 और बी-5 की बारीकी से जांच की, तो वहां लावारिस हालत में रखे नौ प्लास्टिक के बोरे और तीन पिट्ठू बैग मिले. इन बैगों और बोरों को खोलने पर कुल 279 लीटर विदेशी शराब और 21 लीटर बीयर बरामद हुई. जब्त की गई शराब की सभी बोतलें हरियाणा निर्मित थीं और केवल वहीं बेचने के लिए अधिकृत थीं. उत्पाद विभाग ने कानून के मुताबिक सभी बोतलों को सील कर अपने कब्जे में ले लिया है.
दो नामी तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे
ट्रेन में शराब के साथ पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है:
-
अविनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा (45 वर्ष): निवासी कृष्णानगर, वार्ड संख्या-37.
-
विनीत कुमार (25 वर्ष): निवासी कहरा, वार्ड संख्या-10.
उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़े: Darbhanga में पिपिंग समारोह: 22 एएसआई बने सब इंस्पेक्टर, एसएसपी ने लगाए स्टार