Bihar
सहरसा: अगवानपुर में युवक का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
सहरसा: अगवानपुर में युवक का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
सहरसा: नगर निगम क्षेत्र के अगवानपुर वार्ड-07 में शनिवार सुबह 25 वर्षीय युवक का शव उसके घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
मृतक की पहचान सचिन कुमार (पुत्र साजन यादव) के रूप में हुई है। वे दो भाइयों में बड़े थे और सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र में एक निजी बैंकिंग यूनिट में कार्यरत थे।
देर रात लौटे थे घर
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को सचिन अपने भांजा-भांजी के मुंडन समारोह में शामिल हुए थे, जिससे दिनभर घर में उत्सव का माहौल था। देर रात करीब 11 बजे वे घर लौटे। उनकी पत्नी ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ।
सुबह करीब 3 बजे जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर सचिन का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
सचिन की शादी करीब डेढ़ साल पहले बैजनाथपट्टी बलुआहा निवासी निशु कुमारी से हुई थी। उनकी सात महीने की एक बेटी भी है। घटना के समय उनकी पत्नी सौरबाजार के गढ़िया में अपनी ननद के घर एक कार्यक्रम में गई हुई थीं।
ग्रामीणों के अनुसार, सचिन कुछ समय से मानसिक तनाव में थे, हालांकि किसी पारिवारिक विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस घटना से पत्नी, मासूम बेटी और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।