Bihar
Saharsa: कोसी को मिली रात की सीधी रेल सेवा, काशी के लिए 9 साल पुराना इंतजार बरकरार
Saharsa। कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी पटना आने-जाने के लिए लंबे समय बाद रात की सीधी ट्रेन सेवा की सौगात मिली है। पाटलिपुत्र और पूर्णिया कोर्ट के बीच 17 अगस्त से रात्रिकालीन स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू हो गया है।
फिलहाल यह ट्रेन एक महीने के लिए सप्ताह में पांच दिन चलाई जा रही है। जहां इस नई रेल सेवा से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, वहीं सहरसा से काशी (वाराणसी) तक सीधी ट्रेन की 9 साल पुरानी मांग अब भी अधूरी है।
Saharsa News: समय सारिणी और ठहराव
ट्रेन का संचालन 20 कोचों (4 अनारक्षित, 10 स्लीपर, 3 थर्ड एसी, 1 सेकंड एसी और एसएलआर) के साथ किया जा रहा है:
-
ट्रेन संख्या 03216 (पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट): पाटलिपुत्र जंक्शन से रात 11:00 बजे प्रस्थान करेगी। सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और मानसी होते हुए सुबह 5:00 बजे सिमरी बख्तियारपुर, सुबह 5:55 बजे सहरसा, मधेपुरा, मुरलीगंज, बनमनखी होते हुए सुबह 8:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी। यह 17 अगस्त से 16 सितंबर तक (बुधवार और शनिवार को छोड़कर) चलेगी।
-
ट्रेन संख्या 03215 (पूर्णिया कोर्ट से पाटलिपुत्र): पूर्णिया कोर्ट से सुबह 9:10 बजे खुलेगी और सहरसा (सुबह 11:00 बजे) होते हुए शाम 5:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। यह 18 अगस्त से 17 सितंबर तक (गुरुवार और रविवार को छोड़कर) चलेगी।
Saharsa News: यात्रियों का प्रतिसाद तय करेगा नियमित परिचालन
दोपहर 3:15 बजे कोसी एक्सप्रेस के बाद रात के समय सहरसा के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा के अनुसार, यह सेवा फिलहाल ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ के तहत शुरू की गई है और यात्रियों के फीडबैक के आधार पर इसे नियमित करने पर निर्णय होगा। मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने भी इस सेवा को नियमित कराने का प्रयास जारी रखने की बात कही है।
9 साल से अधर में सहरसा-काशी ट्रेन का प्रस्ताव
इस नई ट्रेन के शुरू होने के साथ ही सहरसा से बनारस (काशी) के लिए सीधी रेल सेवा की मांग फिर तेज हो गई है। वर्ष 2017 में तत्कालीन डीआरएम आरके जैन द्वारा सहरसा से बनारस के लिए रात्रिकालीन ट्रेन या जनहित एक्सप्रेस के विस्तार का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया था। नौ साल बीत जाने के बाद भी यह योजना ठंडे बस्ते में है, जिसके कारण काशी जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को पटना में ट्रेन बदलनी पड़ती है।
गरीब रथ एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे लेट
दूसरी ओर, परिचालन संबंधी तकनीकी दिक्कतों के कारण अमृतसर से सहरसा आने वाली 12204 गरीब रथ एक्सप्रेस सोमवार को लगभग 4 घंटे 30 मिनट की देरी से सहरसा जंक्शन पहुंची। ट्रेन के लेट होने से यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़े: Supaul SSB में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस: DIG विजय सिंह ने फहराया तिरंगा, दिलाई राष्ट्रसेवा की शपथ