Bihar
Saharsa Police का ‘Operation Muskaan’: 103 लोगों को वापस मिले गुम हुए मोबाइल, लाखों के जेवरात भरा पर्स भी बरामद
सहरसा। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘Operation Muskaan’ के नौवें चरण (Phase-09) में सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम या चोरी हुए ₹19,24,531 मूल्य के कुल 103 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी से भरा एक महिला का खोया हुआ पर्स भी सुरक्षित बरामद कर उसे लौटा दिया है।
Operation Muskaan: एसपी ने खुद सौंपे मोबाइल, लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
पुलिस केंद्र सहरसा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक (SP) विक्रम सिहाग ने अपने हाथों से लोगों को उनके मोबाइल फोन और खोया हुआ सामान सौंपा। इस दौरान सदर एसडीपीओ आलोक कुमार और मुख्यालय डीएसपी धीरेंद्र पांडे भी मौजूद रहे। लंबे समय बाद अपनी खोई हुई संपत्ति वापस पाकर आम नागरिकों ने सहरसा पुलिस का आभार जताया।
यह भी पढ़े: Jharkhand Electricity: 24 घंटे बिजली के लिए बड़ा प्लान, JE-AE की होगी भर्ती; सोलर, स्मार्ट ग्रिड और AI पर जोर
Operation Muskaan: जेवरात और नकदी से भरा पर्स भी पुलिस ने लौटाया
ऑपरेशन के दौरान केवल मोबाइल ही नहीं, बल्कि एक महिला का पर्स भी बरामद किया गया। महिला ने पर्स गुम होने के संबंध में थाने में सनहा (प्रारंभिक शिकायत) दर्ज कराई थी। पर्स में मोबाइल के अलावा लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी मौजूद थी, जिसे तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर महिला को सौंप दिया।
Operation Muskaan: CEIR पोर्टल बना मददगार, अब तक 528 मोबाइल बरामद
सहरसा पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन की ट्रैकिंग में CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की अहम भूमिका रही है।
-
फेज-01 से 09 तक का रिकॉर्ड: सहरसा पुलिस अब तक कुल 528 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल कीमत ₹91,09,454 है।
-
फेज-09 में रिकॉर्ड रिकवरी: इस चरण में सर्वाधिक 103 मोबाइल बरामद किए गए।
इन अधिकारियों का रहा सराहनीय योगदान
इस अभियान को सफल बनाने में विभिन्न थानों के अधिकारियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया:
-
बलवाहाट थाना (अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार रजक) — 24 मोबाइल
-
बसनही थाना (अपर थानाध्यक्ष रोशन कुमार रजक) — 20 मोबाइल
-
सिमरी बख्तियारपुर थाना (अपर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार) — 16 मोबाइल
-
सोनवर्षाराज थाना (अपर थानाध्यक्ष सुमन कुमार सुमन) — 14 मोबाइल
-
महिषी थाना (अपर थानाध्यक्ष शिवम सिंह) — 10 मोबाइल
पुलिस की अपील: मोबाइल गुम होने पर तुरंत कराएं ब्लॉक
सहरसा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में घबराएं नहीं। तुरंत नजदीकी थाने में सूचना देने के साथ-साथ CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर अपने मोबाइल को ब्लॉक कराएं, जिससे उसका दुरुपयोग न हो सके और पुलिस उसे आसानी से ट्रैक कर सके।