Bihar
Supaul: तिलहेश्वरनाथ मंदिर में दिनदहाड़े चोरी: शिवलिंग से चांदी का मेठ गायब, जांच में जुटी पुलिस
Supaul। बिहार के सुपौल सदर थाना क्षेत्र के सुखपुर सोल्हानी पंचायत स्थित ऐतिहासिक और प्रसिद्ध तिलहेश्वरनाथ महादेव मंदिर में शनिवार की दोपहर चोरों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है।
अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का मेठ (आभूषण) उड़ा लिया। इस घटना के बाद से स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
Supaul News: पंडा ने दी ग्रामीणों को सूचना, मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
चोरी की भनक सबसे पहले मंदिर के पंडा आशीष कुमार को लगी, जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों के माध्यम से खबर मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) मनोहर कुमार साह और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राजीव रंजन ने भी मंदिर का दौरा कर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह भी पढ़े: पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
Supaul News: 16 में से 12 सीसीटीवी मिले चालू, फुटेज खंगालने में लगी पुलिस
मंदिर परिसर की सुरक्षा का जायजा लेने के दौरान अधिकारियों ने पाया कि वहां कुल 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से 12 कैमरे वर्तमान में चालू हालत में हैं। हालांकि, कैमरों का पासवर्ड तकनीकी मिस्त्री के पास होने की वजह से पुलिस को शुरुआती जांच में फुटेज एक्सेस करने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ा। अब पुलिस टीम उपलब्ध फुटेज को खंगालकर चोरों की पहचान करने और उनका सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
Supaul News: श्रद्धालुओं ने की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के अलावा अन्य वैज्ञानिक, तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों को भी इकट्ठा किया जा रहा है। प्रशासन ने दावा किया है कि बहुत जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश कर चोरों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
दूसरी तरफ, इस वारदात से नाराज स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, सभी सीसीटीवी कैमरों को हमेशा एक्टिव रखने तथा परिसर में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
यह भी पढ़े: Darbhanga में पिपिंग समारोह: 22 एएसआई बने सब इंस्पेक्टर, एसएसपी ने लगाए स्टार