Bihar
Supaul Crime: 20 साल के युवक के दोनों हाथ काटे, इलाज के दौरान मौत
Supaul । बिहार के सुपौल जिले से एक रूह कंपा देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के धौरे-कटैया गांव (वार्ड नंबर 17) में शुक्रवार की दोपहर महज दो कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर एक 20 वर्षीय युवक की अत्यंत बर्बरता से हत्या कर दी गई।
दबंगों ने धारदार हथियार से हमला कर युवक के दोनों हाथ काट डाले, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।
Supaul Crime: दवा लेकर लौट रहे युवक को रास्ते में घेरा
ग्रामीणों के मुताबिक, धौरे-कटैया गांव के निवासी राम बहादुर यादव और रविन्द्र यादव के बीच दो कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसे लेकर पूर्व में भी कई बार झड़पें हो चुकी थीं। शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे राम बहादुर यादव का 20 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार जब बाजार से दवा लेकर अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया।
Supaul Crime: धारदार हथियार से किए ताबड़तोड़ वार, शरीर से अलग हुए हाथ
आरोप है कि रविन्द्र यादव और उसके परिवार के सदस्यों ने नीतीश को अपने घर के समीप दबोच लिया और धारदार दबिया (पारंपरिक हथियार) से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने इतनी क्रूरता दिखाई कि नीतीश का दायां हाथ कटकर पूरी तरह शरीर से अलग होकर जमीन पर गिर गया, जबकि उसका बायां हाथ भी कटकर महज चमड़ी के सहारे लटक गया। वारदात को अंजाम देने के बाद लहूलुहान नीतीश को तड़पता छोड़ सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
Supaul Crime: निजी क्लीनिक में तोड़ा दम, पुलिस छावनी में बदला गांव
नीतीश की चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद बदहवास परिजन उसे एक निजी क्लीनिक ले गए, लेकिन शरीर से अत्यधिक मात्रा में खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद गांव में तनाव को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों का बयान दर्ज किया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी, स्पीडी ट्रायल से मिलेगी सजा
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल (FSL) की वैज्ञानिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं, और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता पर सुपौल के पुलिस अधीक्षक (SP) शरथ आर. एस. ने बताया कि यह घटना प्रथम दृष्टया भूमि विवाद से जुड़ी प्रतीत होती है। उन्होंने सख्त रुख अख्तियार करते हुए कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
यह भी पढ़े: Darbhanga में पिपिंग समारोह: 22 एएसआई बने सब इंस्पेक्टर, एसएसपी ने लगाए स्टार