Bihar

Supaul News:  प्रेम विवाह के दो साल बाद संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, इलाके में सनसनी

Published

on

Supaul News: बिहार के सुपौल जिले के करजाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत बौराहा (वार्ड 10) में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका रेणु देवी ने करीब दो साल पहले ही प्रेम विवाह किया था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया है।

पारिवारिक विवाद के बाद कमरे में मिला शव: पति का बयान: Supaul News

मृतका के पति नरसिंह राम के मुताबिक, गुरुवार सुबह परिवार में किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ था। विवाद के बाद नरसिंह घर से बाहर चला गया। सुबह करीब नौ बजे जब वह वापस लौटा, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब उसने दरवाजा धक्का देकर खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी दूसरी पत्नी रेणु देवी कमरे में बेसुध लेटी हुई थी और उसके गले में साड़ी का फंदा लिपटा हुआ था। नरसिंह के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हुए और तुरंत इसकी सूचना करजाईन थाना पुलिस को दी गई।

नरसिंह ने की थीं दो शादियां, पहली पत्नी है मानसिक रूप से विक्षिप्त: Supaul News

जानकारी के अनुसार, बौराहा निवासी नरसिंह राम ने दो शादियां की थीं। उसकी पहली शादी हुलास निवासी सुनीता देवी से हुई थी, जो मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। पहली पत्नी से नरसिंह के तीन बेटे हैं- रोशन (15 वर्ष), शमी (12 वर्ष) और राजेश (6 वर्ष)। दो वर्ष पूर्व नरसिंह ने अररिया जिले के जोगबनी की रहने वाली रेणु देवी (35 वर्ष) से प्रेम विवाह किया था। इस दूसरी शादी से उन्हें कोई संतान नहीं थी।

गुजरात से लौटा था पति, अक्सर होती थी नोक-झोंक: Supaul News

स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, नरसिंह राम मजदूरी का काम करता है और कुछ दिन पहले ही कई महीनों बाद गुजरात से कमाकर घर वापस लौटा था। ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटी-मोटी बातों को लेकर नोक-झोंक होती रहती थी। गुरुवार सुबह भी रेणु देवी घर में नाश्ता और खाना बना रही थी, जिसके बाद अचानक इस हादसे की खबर सामने आई। पुलिसिया कार्रवाई: करजाईन थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों (आत्महत्या या हत्या) का खुलासा हो पाएगा।

ये भी पढ़े: Darbhanga News: दरभंगा एयरपोर्ट को बड़ा झटका, अयोध्या के बाद अब कोलकाता की सीधी उड़ान भी बंद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version