Bihar
Supaul: रूफटॉप सोलर पैनल पर 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी, ‘सोलर सेवा सेतु’ कैंप में बंटे चेक
Supaul: केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में बुधवार को एक दिवसीय ‘सोलर सेवा सेतु’ कैंप का आयोजन किया गया।
दानापुर Division के विभिन्न क्षेत्रों में Seva Setu Camp का आयोजन किया गया। Camp में PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana के तहत उपभोक्ताओं को आवेदन, Subsidy एवं Solar Panel Installations से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की गई।
@samrat4bjp
@KumarBulo
@nawal_ias
@IPRDBihar https://t.co/SzOJLeigg2— Energy Department Govt. of Bihar (@EnergyBihar) October 7, 2026
विद्युत कार्यपालक अभियंता आलोक रंजन की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस जागरूकता एवं सुविधा शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत और स्थानीय विधायक रामविलास कामत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस कैंप में बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता, ग्रामीण, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और सोलर वेंडर शामिल हुए।
Supaul Solar Subsidy: लाभुकों को प्रशस्ति पत्र और चेक वितरण
समारोह के दौरान अतिथियों का स्वागत पाग, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। शिविर में उन उपभोक्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने घरों की छत पर पहले ही रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करा लिया है। जनप्रतिनिधियों ने योजना के सफल क्रियान्वयन के तहत पात्र लाभार्थियों को सब्सिडी के चेक और प्रशस्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने के लिए सुलभ ऋण उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक शाखा प्रबंधकों व कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
1 किलोवाट पर ₹40,000 और 3 किलोवाट पर ₹98,000 तक का अनुदान
कैंप में मौजूद विद्युत विभाग के तकनीकी अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर भारी सब्सिडी दे रही हैं:
-
1 किलोवाट क्षमता: केंद्र सरकार से ₹30,000 और राज्य सरकार से ₹10,000, यानी कुल ₹40,000 की सब्सिडी।
-
2 किलोवाट क्षमता: कुल ₹80,000 की सब्सिडी का प्रावधान।
-
3 किलोवाट क्षमता: कुल मिलाकर ₹98,000 तक की अधिकतम सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सब्सिडी की यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में अंतरित की जाती है, जिससे संयंत्र लगाने की लागत काफी कम हो जाती है।
बिजली बिल से मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण: सांसद व विधायक
उपभोक्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए एक क्रांतिकारी कदम है। अपनी छत पर सोलर प्लांट लगाने से न केवल भारी-भरकम बिजली बिल से मुक्ति मिलेगी, बल्कि यह पर्यावरण अनुकूल स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा देगा।
वहीं, विधायक रामविलास कामत ने लोगों से इस सरकारी योजना का बढ़-चढ़कर लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब घरों में सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन होगा, तो पारंपरिक बिजली ग्रिड पर दबाव कम होगा और बची हुई बिजली का उपयोग ग्रामीण कृषि पंपसेटों और स्थानीय कुटीर उद्योगों के संचालन में बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।
ऑन-द-स्पॉट आवेदन और बैंक ऋण की जानकारी
शिविर स्थल पर उपभोक्ताओं के लिए ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण और आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। सोलर वेंडरों ने विभिन्न कंपनियों के पैनल, इनवर्टर और नेट मीटरिंग की कार्यप्रणाली समझाई। वहीं, बैंक प्रतिनिधियों ने बताया कि रूफटॉप सोलर के लिए बेहद आसान शर्तों और रियायती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसकी मासिक किस्त बिजली बिल में होने वाली बचत से ही पूरी हो जाती है।
बड़ी संख्या में अधिकारी व स्थानीय लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में सहायक विद्युत कार्यपालक अभियंता आकाश कुमार, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष, कटैया के कनीय अभियंता (जेई) विकास कुमार, पिपरा के जेई मनोज कुमार और किशनपुर की जेई हिमानी रंजन सहित बड़ी संख्या में विद्युत कर्मी और ग्रामीण उपभोक्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े: Supaul: SH-91 पर बाइक सवार युवक को टक्कर मार अगवा किया, ग्रामीणों पर 4 राउंड फायरिंग