Bihar

सहरसा में थार सवार युवक की गोली मारकर हत्या

Published

on

सहरसा में थार सवार युवक की गोली मारकर हत्या: आंख, सीने और सिर में दागीं 12 गोलियां, तीन साथी फरार

सहरसा: बिहार के सहरसा में शुक्रवार रात अपराधियों ने एक युवक को गोलियों से भून डाला। सदर थाना क्षेत्र में दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने थार गाड़ी में बैठे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 32, विद्यापति नगर निवासी 29 वर्षीय सतीश कुमार झा उर्फ छोटू मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सतीश के पिता सेना में हवलदार थे और सतीश अपने परिवार में दो भाइयों में सबसे छोटे थे।


घात लगाकर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग

घटना शुक्रवार रात करीब 10:20 बजे की है। सतीश कुमार अपनी थार गाड़ी से मीरा टॉकीज सिनेमा रोड होते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाश वहां पहुंचे और उनकी गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।

हमलावरों ने करीब एक दर्जन गोलियां चलाईं, जिनमें से लगभग 10 गोलियां सतीश के शरीर में लगीं। उन्हें आंख, पीठ, सीने, गले और माथे समेत कई जगह गोली लगी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।


गाड़ी में मौजूद थे तीन दोस्त, वारदात के बाद फरार

घटना के समय थार में सतीश के साथ तीन युवक भी मौजूद थे। उनकी पहचान रोशन कुमार सिंह, सुमित कुमार सिंह और गांधी कुमार यादव के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि इन्हीं लोगों ने डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही तीनों युवक वहां से फरार हो गए। फिलहाल तीनों के मोबाइल फोन भी बंद बताए जा रहे हैं, जिससे मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं।


शाम को घर से निकला, तीन घंटे बाद हत्या

मृतक के बड़े भाई आशीष कुमार ने बताया कि सतीश शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे घर से नाश्ता कर निकला था। रात करीब साढ़े दस बजे एक युवक का फोन आया, जिसने बताया कि सतीश को गोली मार दी गई है।

परिजन तुरंत घटनास्थल पहुंचे और घायल सतीश को लेकर एक निजी अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


घटनास्थल से 15 खोखा बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।

सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से 9 एमएम और अन्य बोर के कुल 15 खोखा बरामद किए हैं। मामले की जांच में डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है।


पुरानी रंजिश की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version