Bihar

दो छात्राओं के अपहरण का प्रयास, चाय दुकानदार की सूझबूझ से बचीं

Published

on

सुपौल में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही दो छात्राओं के अपहरण का प्रयास, चाय दुकानदार की सूझबूझ से बचीं

प्रतापगंज (सुपौल): सुपौल जिले के प्रतापगंज में शुक्रवार सुबह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही दो छात्राओं के अपहरण के प्रयास से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 6 बजे हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दौड़ का अभ्यास करने जा रही थीं छात्राएं

जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं प्रतिदिन की तरह पब्लिक हाई स्कूल मैदान में दौड़ का अभ्यास करने के लिए घर से निकली थीं। शंकर चौक से आगे बाजार स्थित एक निर्माणाधीन मॉल के पास पहले से कार में घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें जबरन उठाने की कोशिश की।

उस समय सुबह का वक्त होने के कारण बाजार की अधिकतर दुकानें बंद थीं और सड़क पर आवाजाही भी कम थी, जिसका फायदा उठाने की कोशिश बदमाशों ने की।

चाय दुकानदार की सतर्कता से टली वारदात

घटना के दौरान पास में मौजूद एक चाय दुकानदार ने संदिग्ध गतिविधि देखकर कार सवार युवकों को डांटना शुरू कर दिया। अचानक विरोध होता देख बदमाश घबरा गए और कार लेकर उत्तर दिशा की ओर भाग निकले।

डरी-सहमी छात्राएं वहां से भागकर घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और छात्राओं को सुरक्षित घर ले गए।

पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें कार और छात्रा के भागते हुए दृश्य दिखाई दे रहे हैं।

हालांकि, कार का नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version