Bihar
सहरसा में फुटपाथ दुकानदारों का मशाल जुलूस
सहरसा में फुटपाथ दुकानदारों का मशाल जुलूस, नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
सहरसा: नगर निगम द्वारा फुटपाथ दुकानदारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए हटाने के विरोध में गुरुवार संध्या फुटपाथ दुकानदार संघ और स्ट्रीट वेंडर्स नगर स्तरीय सहकारी समिति के बैनर तले मशाल जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अविलंब वेंडिंग जोन घोषित कर पुनर्वास की मांग की।
मशाल जुलूस वीर कुंवर सिंह चौक से शुरू होकर थाना चौक, सुपर मार्केट, समाहरणालय रोड होते हुए पुनः वीर कुंवर सिंह चौक पर समाप्त हुआ। इस दौरान दुकानदारों ने “संविधान विरोधी फैसला वापस लो”, “नगर आयुक्त होश में आओ” और “वेंडिंग जोन घोषित करो” जैसे नारे लगाए।
वेंडिंग जोन और पुनर्वास की मांग
फुटपाथ दुकानदार संघ के अध्यक्ष शंकर कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानदारों को उजाड़ दिया, जो फुटपाथ जीविका संरक्षण अधिनियम की धारा 18 का उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्णय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों और रोजगार के अधिकार का हनन है।
उन्होंने कहा कि फुटपाथ दुकानदारों से संबंधित कोई भी निर्णय टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) की बैठक में लिया जाना चाहिए था, लेकिन नगर निगम ने एकतरफा कार्रवाई कर नियमों की अनदेखी की है।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
संगठन सचिव सीएम झा ने प्रशासन से अविलंब उजाड़े गए दुकानदारों को बसाने की मांग की। वहीं नौजवान नेता कुंदन कुमार ने कहा कि यदि नगर निगम ने सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
मौके पर सागर शर्मा, पवन साह, दीपक कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार, जीतू रजक, बैजनाथ, मो. अलाउद्दीन, सुधीर साह, राजेश साह, दिनेश साह, घोलट यादव, रणजीत साह, सुधीर यादव, सिकंदर ठाकुर सहित बड़ी संख्या में फुटपाथ दुकानदार मौजूद थे।
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल इस मामले में नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। दुकानदारों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।