Bihar
सफर से पहले देख लें शेड्यूल: 4 से 5 घंटे लेट चल रही समस्तीपुर-Saharsa पैसेंजर, यात्री परेशान
Saharsa। अगर आप समस्तीपुर से सहरसा के बीच रेल यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का शेड्यूल जरूर जांच लें। इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए पैसेंजर ट्रेनें इन दिनों बड़ी मुसीबत बन गई हैं।
समस्तीपुर-सहरसा रेलखंड पर चलने वाली दैनिक पैसेंजर ट्रेनें पिछले करीब 15 दिनों से लगातार 4 से 5 घंटे की भारी देरी से चल रही हैं। इस लेटलतीफी का सीधा असर नौकरीपेशा लोगों, कोर्ट-कचहरी जाने वाले अधिवक्ताओं, मुवक्किलों और छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है, जो समय से अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
Saharsa News: क्यों हो रही है ट्रेनों में इतनी देरी?
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ओलापुर से खगड़िया रेलखंड के बीच टीआरडी (रेलवे विद्युतीकरण) का कार्य चल रहा है। इस तकनीकी कार्य के लिए रोजाना ट्रैक पर ब्लॉक लिया जाता है, जिसके कारण ओलापुर स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेनों को 2 से 3 घंटे तक रोक कर खड़ा रखा जाता है। रेल अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाना अनिवार्य है।
अभी और बढ़ेगी परेशानी: रेल सूत्रों का कहना है कि विद्युतीकरण का काम अभी सिर्फ आधा ही पूरा हुआ है और आधा काम होना अभी बाकी है. इसका साफ मतलब है कि आने वाले दिनों में भी यात्रियों को इस रूट पर ट्रेनों की लेटलतीफी का सामना करना पड़ेगा.
Saharsa News: पहली ट्रेन ही हो रही है लेट, पूर्णिया कोर्ट रूट भी प्रभावित
मानसी से सहरसा के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 55566 समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर सुबह के वक्त दैनिक यात्रियों के लिए पहली और सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन है. लेकिन पिछले कई दिनों से यह ट्रेन लगातार 4 से 5 घंटे की देरी से चल रही है. परेशानी यहीं खत्म नहीं होती, यही ट्रेन सहरसा जंक्शन पहुंचने के बाद नंबर बदलकर (ट्रेन संख्या 55570) सवारी गाड़ी के रूप में पूर्णिया कोर्ट के लिए रवाना होती है, जिसके चलते पूर्णिया रूट के यात्री भी परेशान हैं.
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि समस्तीपुर जंक्शन से यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर खुलती है, लेकिन ओलापुर में इसे घंटों रोक दिया जाता है. यात्रियों का आरोप है कि जानकी एक्सप्रेस जैसी एक्सप्रेस ट्रेनों को प्राथमिकता देकर निकाल दिया जाता है, जबकि दैनिक यात्रियों की इस लाइफलाइन ट्रेन को खड़ा रखा जाता है.
मंगलवार को लेट चलने वाली प्रमुख ट्रेनों की सूची:
मंगलवार को भी इस रूट पर परिचालन पूरी तरह ध्वस्त रहा और कई ट्रेनें घंटों लेट रहीं:
-
ट्रेन संख्या 55566 (समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर): 5 घंटे से अधिक विलंब.
-
ट्रेन संख्या 55565 (सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर): 5 घंटे से अधिक विलंब.
-
ट्रेन संख्या 55570 (सहरसा-पूर्णिया कोर्ट पैसेंजर): 5 घंटे विलंब.
-
ट्रेन संख्या 55569 (पूर्णिया कोर्ट-सहरसा पैसेंजर): 4 घंटे से अधिक विलंब.
-
ट्रेन संख्या 63350 (समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर): 3 घंटे से अधिक विलंब.
-
ट्रेन संख्या 63359 / 63360 (सहरसा-मधेपुरा-सहरसा पैसेंजर): 3 घंटे से अधिक विलंब.
-
ट्रेन संख्या 55524 (समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर): 2 घंटे विलंब.
-
ट्रेन संख्या 15284 (जानकी एक्सप्रेस): 1 घंटे से अधिक विलंब.
यह भी पढ़े: Saharsa: सड़क निर्माण में अड़ंगा, रास्ता खाली कराने के लिए डीएम से गुहार