Bihar
Darbhanga: 2 साल की मासूम से दरिंदगी, रिश्ते का नाना आरोपी
Darbhanga: बिहार के दरभंगा जिले से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली बेहद शर्मनाक और दर्दनाक वारदात सामने आई है। केवटी थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम महज दो साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस घिनौने अपराध का आरोप किसी गैर पर नहीं, बल्कि रिश्ते में बच्ची के नाना लगने वाले 48 वर्षीय व्यक्ति पर लगा है। वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है।
Darbhanga Crime: कुरकुरे खिलाने के बहाने मां की गोद से ले गया था आरोपित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार 17 अक्टूबर की देर शाम पीड़िता अपनी मां की गोद में थी। इसी दौरान रिश्ते में नाना लगने वाला आरोपित वहां पहुंचा और बच्ची को दुलारने का ढोंग करते हुए कुरकुरे खिलाने के बहाने अपनी गोद में लेकर बाहर चला गया। जब काफी देर तक बच्ची वापस नहीं लौटी और आसपास नजर नहीं आई, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई।
परिजनों ने गांव में बच्ची की खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद सामने आया कि आरोपित मासूम को बहला-फुसलाकर गांव से सटे सुनसान आम के बगीचे में ले गया था, जहां उसने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपित ने मामले को दबाने की नीयत से बच्ची को एक स्थानीय झोलाछाप के पास ले जाने का प्रयास भी किया, लेकिन बच्ची की गंभीर हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
Darbhanga Crime: अर्धबेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंची बच्ची, DMCH रेफर
वारदात की सूचना तत्काल केवटी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान व अर्धबेहोशी की स्थिति में तड़प रही मासूम को परिजनों के सहयोग से आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) केवटी रनवे ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा के लिए रात में ही सरकारी एंबुलेंस से दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का गहन उपचार चल रहा है।
डीएम और ग्रामीण एसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की भयावहता को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह हरकत में आ गया। देर रात जिलाधिकारी कौशल कुमार और ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी स्वयं डीएमसीएच पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल के अधीक्षक और डॉक्टरों से बातचीत कर बच्ची के स्वास्थ्य और उपचार की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि बच्ची के समुचित और सर्वोत्तम इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
केवटी थाना पुलिस ने पीड़िता की मां के फर्द बयान के आधार पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून की कठोर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की वैज्ञानिक जांच सुनिश्चित करने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की विशेष टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने आम के बगीचे से जरूरी भौतिक और जैविक साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में त्वरित गति से आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा ताकि दोषी को स्पीडी ट्रायल के जरिए सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
यह भी पढ़े: रांची के बकरी बाजार मेले में बड़ा हादसा टला, हवा में टूटा वाशिंग मशीन झूला
यह भी पढ़े: Saharsa में दर्दनाक हादसा: बहवा तिनमुहानी नदी में डूबे 20 वर्षीय लक्ष्मण का शव SDRF ने निकाला, परिजनों में मचा कोहराम