Bihar

Darbhanga News: दरभंगा जंक्शन पर रेल पुलिस का बड़ा एक्शन, ‘बंपर ड्रा’ से पहले ही जब्त हुए 86 हजार अवैध लॉटरी टिकट

Published

on

Darbhanga News: बिहार में रातों-रात अमीर बनने का सपना दिखाकर लोगों को ठगने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। दरभंगा जंक्शन पर रेल पुलिस (जीआरपी) ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध लॉटरी टिकटों का एक बहुत बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से कुल 86 हजार अवैध लॉटरी टिकट जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 4.30 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य तस्करों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर बैग खोलते ही उड़े पुलिस के होश: Darbhanga News

दरभंगा जंक्शन के जीआरपी थानाध्यक्ष किंग कुंदन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रूटीन चेकिंग और गश्त पर थी। इसी दौरान देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति दो बड़े-बड़े झोलों के साथ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह सकपका गया और वहां से खिसकने की कोशिश करने लगा। जवानों ने जब उसे रोककर उसके भारी-भरकम झोलों की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर खुद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। दोनों झोले अवैध लॉटरी टिकटों से पूरी तरह ठसाठस भरे हुए थे। गिनती करने पर कुल 86 हजार टिकट पाए गए।

बंगाल से समस्तीपुर होते हुए दरभंगा पहुंची थी खेप: Darbhanga News

पकड़े गए आरोपी की पहचान बेगूसराय निवासी राजू कुमार के रूप में हुई है। जीआरपी की कड़ी पूछताछ में राजू ने इस पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा किया। उसने बताया कि वह यह खेप पश्चिम बंगाल से लेकर समस्तीपुर आया था। समस्तीपुर से वह ट्रेन के जरिए दरभंगा जंक्शन पहुंचा। राजू को यह टिकट मधुबनी के किसी बड़े धंधेबाज को सौंपने थे और वह प्लेटफॉर्म पर उसी का इंतजार कर रहा था, लेकिन ‘बंपर ड्रा’ का झांसा देने से पहले ही वह खुद पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

समस्तीपुर में छापेमारी, मुख्य धंधेबाज नीतीश भी दबोचा गया

राजू कुमार से मिली गुप्त जानकारियों और सुरागों के आधार पर जीआरपी ने बिना वक्त गंवाए समस्तीपुर में एक विशेष टीम भेजकर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने इस धंधे के मुख्य मास्टरमाइंड नीतीश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। नीतीश ने ही राजू को लॉटरी टिकटों की यह बड़ी खेप आगे सप्लाई करने के लिए दी थी।  रेल पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो महीनों से जंक्शन पर सुरक्षा और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके कारण इस बड़े गिरोह को पकड़ने में कामयाबी मिली है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मधुबनी के उस धंधेबाज की तलाश में जुटी है जिसे यह डिलीवरी दी जानी थी।

ये भी पढ़े: Madhepura News: मधेपुरा में हरी मिर्च की खेती, मुनाफे की मिठास अब बनी घाटे की कड़वाहट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version