Bihar
दरभंगा के वरिष्ठ वैज्ञानिक Dr. Manoj Kumar को मिले दो अंतरराष्ट्रीय सम्मान, मखाना अनुसंधान में दिया अहम योगदान
दरभंगा। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा के वरिष्ठ वैज्ञानिक Dr. Manoj Kumar ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
असम के गुवाहाटी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘पांचवीं बायोटिक साइंस कांग्रेस-2026’ और ‘विज्ञान और नवाचार के माध्यम से स्वस्थ एवं सतत भविष्य’ विषयक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
दो प्रमुख श्रेणियों में मिला सम्मान
Dr. Manoj Kumar को मखाना अनुसंधान एवं इसके कृषि विकास में दिए गए अद्वितीय योगदान के लिए ये पुरस्कार प्रदान किए गए:
-
श्रेष्ठ वैज्ञानिक पुरस्कार-2026: मखाना फसल के वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया।
-
श्रेष्ठ शोध प्रस्तुति पुरस्कार: पूर्वोत्तर भारत में किसानों की आजीविका और सतत विकास में सुपरफूड मखाना की भूमिका पर प्रस्तुत उनके शोध-पत्र को यह सम्मान मिला।
Dr. Manoj Kumar: किसानों के कल्याण और मखाना संवर्धन पर शोध केंद्रित
डॉ. कुमार वर्तमान में मखाना के पोषण मूल्य में सुधार, सूक्ष्म पोषक तत्वों के सटीक प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के अध्ययन तथा प्राकृतिक संसाधनों के टिकाऊ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शोध कर रहे हैं। उनके इन शोध कार्यों का मुख्य ध्येय मखाना की खेती को आधुनिक, वैज्ञानिक और किसानों के लिए अधिक मुनाफा देने वाली बनाना है।
Dr. Manoj Kumar राष्ट्रीय स्तर पर भी कई सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
उल्लेखनीय है कि डॉ. मनोज कुमार को इससे पूर्व भी कृषि एवं वैज्ञानिक क्षेत्र में कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें जवाहरलाल नेहरू पुरस्कार, डॉ. एस.पी. रायचौधरी स्वर्ण पदक, धीरू मोरारजी स्मृति पुरस्कार, उत्कृष्ट वैज्ञानिक पुरस्कार, रिसर्च एक्सीलेंस अवॉर्ड, बिहारी हीरो अवॉर्ड, मिथिला रत्न सम्मान और इंदिरा गांधी सद्भावना पुरस्कार प्रमुख रूप से शामिल हैं।
यह भी पढ़े: Saharsa MEMU Fire की जांच तेज: लखनऊ, झाझा और बंगाल से पहुंचीं एक्सपर्ट टीमें; तकनीकी साक्ष्य जुटाने में जुटे विशेषज्ञ