Madhepura
Madhepura News: मधेपुरा में ग्रामीणों की चौखट पर पहुंचा प्रशासन, उदाकिशुनगंज में लगा सहयोग शिविर, बीडीओ ने लिया जायजा
Madhepura News: सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से ग्रामीणों को निजात दिलाने और स्थानीय स्तर पर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से मंगलवार को उदाकिशुनगंज प्रखंड की मधुबन और लश्करी पंचायत में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
एक ही छत के नीचे मिले 20 से अधिक विभाग: Madhepura News
सहयोग शिविर में ग्रामीणों की सहूलियत के लिए विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व एवं भूमि सुधार, बिजली, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति (राशन), सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएचईडी (नल-जल), मनरेगा, जीविका और कृषि विभाग प्रमुख रूप से शामिल रहे। ग्रामीणों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय की दौड़ लगाने के बजाय अपने ही गांव में अधिकारियों से सीधा संवाद करने का मौका मिला।
बीडीओ ने काउंटरों का किया निरीक्षण: Madhepura Newsजिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का जायजा लेने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) गुलजारी पंडित पहुंचे। उन्होंने सभी विभागों के काउंटरों का निरीक्षण कर दर्ज शिकायतों और प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। बीडीओ ने शिविर में आए ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों पर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर माह के दो मंगलवार को लगेगा शिविर: Madhepura News
प्रशासनिक पहल के तहत जनसमस्याओं के समाधान और जनता से सीधा जुड़ाव बनाने के लिए प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर ऐसे सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर मुखिया पूजा कुमारी, अरुण कुशवाहा, सौरभ कुशवाहा, रंजीत कुमार और विनय कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े: Saharsa: कोसी को मिली रात की सीधी रेल सेवा, काशी के लिए 9 साल पुराना इंतजार बरकरार