Bihar
Madhepura: पति-पत्नी का झगड़ा रोकने वाले युवक पर चाकू से हमला, स्थिति गंभीर
Madhepura। जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में एक युवक को घरेलू विवाद में बीच-बचाव करना महंगा पड़ गया। पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने और पुलिस को सूचना देने की सलाह देने से नाराज सिरफिरे पति ने युवक पर रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
Madhepura Crime: दिन में कराया था समझौता, शाम को कर दिया जानलेवा हमला
घटना मीरगंज वार्ड संख्या-10 स्थित पोखर टोला की है। घायल युवक की पहचान रहिका वार्ड संख्या-13 निवासी 30 वर्षीय प्रशांत कुमार यादव के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दिन में आरोपी कुलदीप ऋषिदेव और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। प्रशांत ने वहां पहुंचकर दोनों को समझाया और कहा कि बार-बार झगड़ा करने के बजाय 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी जाए। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन शाम को जब प्रशांत काम से लौट रहा था, तब आरोपी ने उसकी बाइक रोक ली।
आरोपी ने ताना मारते हुए कहा, “बुलाओ 112 को” और बेल्ट व चाकू से प्रशांत के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
Madhepura Crime: मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सिर की गंभीर चोट को देखते हुए उसे जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मुरलीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद में बीच-बचाव के कारण हमले की बात सामने आई है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।