Bihar
Saharsa News: चलती ट्रेन में दबंगई, महिलाओं की सीट पर कब्जे का विरोध करने पर वारदात
Saharsa News: बिहार के सहरसा रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बनारस जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस में सिर्फ एक सीट पर बैठने को लेकर हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि इसमें एक बेकसूर युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। ट्रेन की बोगी में शुरू हुई मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने गए एक ऑटो चालक की दबंगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके बाद इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे स्टेशन परिसर और स्थानीय इलाके में भारी तनाव और आक्रोश है।
क्या है पूरा मामला?: Saharsa News
चश्मदीदों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर सहरसा स्टेशन पर जनसेवा एक्सप्रेस खड़ी थी। मठाही के रहने वाले मु. निजाम अपने कुछ परिचितों और महिलाओं के लिए सीट सुरक्षित रखने के मकसद से ट्रेन की बोगी में चढ़े थे। उन्होंने एक सीट पर अपना सामान रखकर उसे रोक लिया था।
इसी दौरान करीब आठ लोगों का एक दबंग गुट वहाँ पहुँचा और जबरन उसी सीट पर बैठने लगा। जब मु. निजाम ने उन्हें टोकते हुए कहा कि यह सीट महिलाओं के लिए रखी गई है और उनसे हटने का अनुरोध किया, तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर निजाम पर लात-घूसों से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पर ऑटो चालक को उतारा मौत के घाट: Saharsa News
ट्रेन की बोगी में मचे इस बवाल को देखकर स्टेशन पर मौजूद एक स्थानीय ऑटो चालक मु. निजाम को बचाने के लिए आगे आया। उसने दबंगों को शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश की। लेकिन सत्ता और संख्या के नशे में चूर आरोपियों ने उस बेकसूर युवक को ही अपना निशाना बना लिया।
आरोपियों ने उस पर तब तक बेरहमी से हमला किया जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए रविवार मध्य रात्रि को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।