Bihar
सिमराही में SIR और जाम पर प्रशासन सख्त: SDM ने जनप्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक, दिए अहम निर्देश
सिमराही (सुपौल)। SIR: सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित टीसीपी भवन में वीरपुर के एसडीएम (SDM) विनय कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
इस बैठक में सिमराही नगर पंचायत क्षेत्र में मतदाता सूची (SIR) से नाम हटने की शिकायतों और शहर में लगातार लगने वाले जाम की गंभीर समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई.
SIR News: नेपाली मायके वाली पात्र महिलाओं का जुड़ेगा नाम
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से नाम हटने के मुद्दे पर एसडीएम ने बड़ा निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि नेपाल में मायका रखने वाली महिलाएं भारतीय नागरिक हैं और सभी कानूनी अर्हताएं पूरी करती हैं, तो उनका नाम पुनः मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा. एसडीएम ने जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे ऐसे मामलों की पहचान कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सोमवार शाम तक प्रखंड कार्यालय में आवेदन जमा कराएं ताकि जांच के बाद अग्रतर कार्रवाई की जा सके.
यह भी पढ़े: CM हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप से ओमान में फंसी सिमडेगा की प्रीति कुजूर की सुरक्षित घर वापसी
‘कोई भी वास्तविक मतदाता अधिकार से न रहे वंचित’
एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे. उन्होंने मुखियाओं और वार्ड पार्षदों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर ऐसे मामलों की पहचान करें और आम लोगों को आवेदन जमा कराने में मदद करें.
सिमराही को जाममुक्त बनाने के लिए सहयोग की अपील
बैठक में सिमराही बाजार की ट्रैफिक और अतिक्रमण की समस्या पर भी मंथन हुआ. एसडीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मकसद किसी का रोजगार प्रभावित करना नहीं, बल्कि बाजार की व्यवस्था को बेहतर बनाना है. उन्होंने दुकानदारों और वाहन चालकों से सड़क किनारे अतिक्रमण न करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की.
जनप्रतिनिधियों ने दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखियाओं और वार्ड पार्षदों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे बाजार को व्यवस्थित बनाने और लोगों को जागरूक करने में अपना पूरा सहयोग देंगे.
समीक्षा बैठक में बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव, सीओ रश्मि प्रिया, उप मुख्य पार्षद विनीता देवी, वार्ड पार्षद गोपीकांत झा, स्मृति कुमारी, मो. हैयुम, मुखिया भूपेंद्र मेहता, रामचंद्र यादव सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.